सेक्टर-58 पुलिस की कार्रवाई: PG और घरों में चोरी करने वाले 2 शातिर गिरफ्तार, 5 लैपटॉप, 10 मोबाइल, ₹4 हजार नकद और 2 अवैध चाकू बरामद

नोएडा। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में किराये के घरों और पीजी में चोरी करने वाले 2 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 5 लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, लैपटॉप बिक्री के शेष ₹4,000 नकद और 2 अवैध चाकू बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने 3 बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया है।
जुबलियेट पार्क से हुई गिरफ्तारी
थाना सेक्टर-58 पुलिस ने दिनांक 13 अगस्त 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जुबलियेट पार्क, सेक्टर-58, नोएडा से अभियुक्त सागर उर्फ राजा चौधरी और हसन को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया।
किराये के मकानों और PG को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में स्थित किराये के घरों एवं पीजी को निशाना बनाकर वहां से लैपटॉप, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान चोरी करते थे। चोरी किए गए मोबाइल फोन और लैपटॉप को राहगीरों को सस्ते दामों में बेच देते थे। वहीं, कुछ लैपटॉप के पुर्जे खोलकर अलग-अलग पार्ट्स के रूप में बेच दिया करते थे।

गिरफ्तार अभियुक्त
1. सागर उर्फ राजा चौधरी पुत्र पीतम चौधरी, निवासी ग्राम एवं थाना पवई, पन्ना, मध्य प्रदेश, वर्तमान पता ग्राम विशनपुरा, थाना सेक्टर-58, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 19 वर्ष।
2. हसन पुत्र मो0 आलम, निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद, उम्र करीब 19 वर्ष।
बरामद सामान
- चोरी के 05 लैपटॉप
- चोरी के 10 मोबाइल फोन
- लैपटॉप बिक्री के शेष ₹4,000 नकद
- 02 अवैध चाकू
दर्ज मुकदमे
- मु0अ0सं0 271/2026, धारा 305(ए) बीएनएस, थाना सेक्टर-58, गौतमबुद्धनगर।
- मु0अ0सं0 277/2026, धारा 317(2), 317(5) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट, थाना सेक्टर-58, गौतमबुद्धनगर।
अभियुक्त हसन का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध मु0अ0सं0 230/2025, धारा 60 आबकारी एक्ट, थाना सेक्टर-58, गौतमबुद्धनगर में अभियोग पंजीकृत है।
पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
