उन्नाव में किन्नर व चालक से 30 लाख की लूट करने वाले तीन बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में किन्नर वैशाली और उनके चालक मोहम्मद आसिफ को बंधक बनाकर लहूलुहान करने के बाद करीब 30 लाख रुपये के नकदी व जेवरात लूटने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे बदमाश ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस के अनुसार, छह अगस्त की रात नई बस्ती डकारी (कर्मी बिजलामऊ) निवासी किन्नर वैशाली के घर में बदमाश दाखिल हुए थे। बदमाशों ने किन्नर वैशाली और उनके चालक मोहम्मद आसिफ को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और लहूलुहान कर नकदी व जेवर समेत करीब 30 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में किन्नर वैशाली की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
रविवार रात करीब 9:25 बजे पुलिस को सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश हाईवे पर कनोडिया पेट्रोल पंप के पास स्थित दिव्यांग स्कूल के गेट के अंदर छिपे हुए हैं। सूचना पर गंगाघाट कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों की घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े, जबकि तीसरे बदमाश ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घायल दोनों बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार बदमाश
घायल बदमाशों की पहचान शईम उर्फ सोएब, निवासी ग्राम कोरई, थाना मलवां, फतेहपुर, वर्तमान पता ग्राम महापुर, लखनऊ बाईपास चौकी, थाना कोतवाली फतेहपुर तथा शफीक उर्फ जग्गा, निवासी घूमनगंज, थाना खागा, फतेहपुर, वर्तमान पता ग्राम फिरोजपुर, थाना बंदी, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। तीसरे बदमाश की पहचान अलजा उर्फ राजा, निवासी बाबूपुरवा, कानपुर के रूप में हुई है।
बरामद सामान
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 2.95 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, दो तमंचे तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद जेवरात में कंगन, चूड़ियां, झुमके, चेन, मंगलसूत्र, पायल, अंगूठियां सहित अन्य जेवर शामिल हैं।
बदमाशों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक शईम उर्फ सोएब के खिलाफ फतेहपुर और कानपुर में आर्म्स एक्ट एवं लूट के मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शफीक उर्फ जग्गा के खिलाफ फतेहपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट समेत 14 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ सिटी विनी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और लूट की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
