गौतमबुद्धनगर में आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान, शराब की दुकानों और बारों का औचक निरीक्षण

गौतमबुद्धनगर। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर व पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर के निर्देशन में जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। जिला आबकारी अधिकारी गौतमबुद्धनगर के पर्यवेक्षण में आबकारी विभाग की टीमों ने 28 सितंबर 2026 को जनपद में संचालित देशी शराब, कम्पोजिट शॉप, मॉडल शॉप, प्रीमियम रिटेल शॉप एवं बार अनुज्ञापनों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आबकारी टीमों ने अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को मदिरा के विभिन्न ब्रांडों को निर्धारित तरीके से प्रदर्शित करने तथा POS मशीन के माध्यम से स्कैन कर निर्धारित मूल्य पर ही शराब की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही जिले में संचालित कैंटीनों की भी गहनता से जांच की गई। आबकारी विभाग की टीमों द्वारा शराब की दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराया गया, ताकि निर्धारित नियमों के अनुसार बिक्री की स्थिति की जांच की जा सके।
अधिकारियों ने सभी मदिरा दुकानों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग एवं रियल-टाइम संचालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। विभाग द्वारा अभियान के दौरान दुकानों पर निर्धारित नियमों के अनुपालन की जांच करते हुए अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
