कैसे हुई प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत?: कटा प्राइवेट पार्ट, ग्राइंडर-धोती, सीढ़ियों पर खून ही खून; कई सवाल,CCTV फुटेज और फोरेंसिक जांच में जुटी पुलिस; ड्रग्स एंगल भी जांच के दायरे में

मथुरा। प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक पटेल उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत का मामला रहस्य बनता जा रहा है। आश्रम से सामने आए CCTV फुटेज और घटनास्थल की परिस्थितियों ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस घटना को लेकर हर संभावित पहलू की जांच कर रही है। CCTV फुटेज को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जबकि मृतक के रक्त का नमूना भी जांच के लिए भेजा गया है।
कमरे से निकला तो धोती पर था खून
पुलिस सूत्रों के अनुसार, CCTV फुटेज में रसिक दुलारी शरण कमरे से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। उसके शरीर पर एक धोती लिपटी हुई थी, जिस पर खून के निशान दिखाई दे रहे थे। दूसरी धोती उसने शरीर के आगे के हिस्से को ढकने के लिए रखी हुई थी।
इसके बाद वह सीढ़ियों की ओर बढ़ता दिखाई देता है। चलते समय उसके पैर फैले हुए नजर आ रहे हैं। वह सीढ़ियों से होते हुए छत पर पहुंचता है।
छत की बाउंड्री पर बैठा, फिर अचानक लगाई छलांग
CCTV फुटेज में रसिक दुलारी शरण छत की बाउंड्री पर बैठा दिखाई देता है। कुछ देर बाद वह अचानक उठता है और बाउंड्री पर चढ़कर नीचे छलांग लगा देता है।
बताया जा रहा है कि जिस समय वह छत से नीचे गिरा, उसी दौरान वहां से एक साइकिल सवार गुजर रहा था। CCTV फुटेज में यह घटनाक्रम भी पुलिस की जांच का हिस्सा है।
सबसे बड़ा सवाल- इतनी गंभीर चोट के बाद खुद कैसे चला?
घटना में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि प्राइवेट पार्ट पर इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से इतनी गंभीर चोट लगी थी तो वह कमरे से निकलकर सीढ़ियों के रास्ते छत तक कैसे पहुंचा? पुलिस इसी सवाल का जवाब तलाश रही है।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी मथुरा डॉ. भूदेव ने भी घटना की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठाए हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के समय मृतक किसी नशीले पदार्थ के प्रभाव में तो नहीं था।
रूम नंबर-21 में रहता था रसिक
रसिक दुलारी शरण प्रेमानंद महाराज के आश्रम केली कुंज के पास स्थित गुरुकृपा कुंज भवन में रहता था। यहां प्रेमानंद महाराज के दीक्षित शिष्य रहते हैं। रसिक दुलारी शरण कमरा नंबर-21 में रहता था। उसके साथ जुगल शरण भी रहते थे।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय कमरे में रसिक दुलारी शरण के अकेले होने की बात CCTV फुटेज से सामने आई है। पुलिस कमरे से लेकर सीढ़ियों और छत तक के पूरे घटनाक्रम को जोड़कर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम में मिलीं सात चोटें
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रसिक दुलारी शरण के शरीर पर सात चोटें मिलने की जानकारी सामने आई है। सिर, चेहरे, हाथ-पैर और एड़ी के पास चोट के निशान मिले हैं। इसके अलावा प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोट पाई गई। पोस्टमार्टम में अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया है।
CCTV की भी होगी फोरेंसिक जांच
पुलिस ने आश्रम से मिले CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि फुटेज के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ तो नहीं की गई है।
वहीं, मृतक के रक्त नमूने की जांच से यह पता लगाने का प्रयास होगा कि घटना के समय उसके शरीर में किसी नशीले पदार्थ का प्रभाव था या नहीं।
मौत से पहले क्या हुआ था? पुलिस के सामने ये बड़े सवाल
• कमरे के अंदर आखिर क्या हुआ था?
• इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से इतनी गंभीर चोट कैसे लगी?
• गंभीर चोट के बावजूद वह कमरे से बाहर निकलकर छत तक कैसे पहुंचा?
• छत की बाउंड्री पर बैठने के बाद उसने अचानक छलांग क्यों लगाई?
• घटना के समय क्या वह किसी नशीले पदार्थ के प्रभाव में था?
• CCTV फुटेज से सामने आने वाली तस्वीर कितनी पूरी है?
• रसिक दुलारी शरण ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया?
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच, CCTV फुटेज और रक्त जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
