कंकरखेड़ा पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय शराब तस्कर, 390 पेटी अवैध शराब बरामद,चंडीगढ़ से बिहार ले जाई जा रही थी शराब, कैंटर चालक गिरफ्तार; ₹80 हजार में तय हुआ था भाड़ा

मेरठ। कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 390 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की है। शराब को कैंटर वाहन के जरिए चंडीगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रोहटा फ्लाईओवर के पास खड़ौली बाईपास से एक कैंटर में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने कैंटर संख्या PB05AT XXXX को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कैंटर से चंडीगढ़ (यूटी) में बिक्री के लिए अनुमन्य विदेशी शराब की 390 पेटियां बरामद हुईं।
मौके से कैंटर चालक जोगिन्दर सिंह पुत्र दलीप सिंह (36 वर्ष) निवासी ग्राम चक मेघा विरान, थाना गुरूहरसहाय, जनपद फिरोजपुर, पंजाब को गिरफ्तार किया गया।
₹80 हजार में तय हुआ था शराब पहुंचाने का भाड़ा
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, जोगिन्दर सिंह ने बताया कि वाहन की फाइनेंस की किस्त टूट जाने के कारण वह भाड़े पर कैंटर चलाने के लिए काम तलाश रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने इंटरनेट कॉलिंग नंबर से व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से उससे संपर्क किया और चंडीगढ़ से बिहार शराब पहुंचाने के लिए ₹80 हजार भाड़ा तय किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अधिक मुनाफे के लालच में शराब पहुंचाने के लिए तैयार हो गया। उसे चंडीगढ़ से करीब 40 किलोमीटर दूर शराब से भरा कैंटर सौंपा गया था। बिहार के गया पहुंचने के बाद वाहन रिसीव करने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर और लोकेशन भेजने की बात कही गई थी।
मुकदमा दर्ज, न्यायालय में पेशी
बरामद शराब के संबंध में थाना कंकरखेड़ा में मु0अ0सं0 726/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
बरामदगी
- 390 पेटी अवैध विदेशी शराब
- शराब परिवहन में प्रयुक्त कैंटर वाहन संख्या PB05AT XXXX
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अशोक कुमार नौहवार, हेड कांस्टेबल ओमवीर, कांस्टेबल रंजन सिरोहा, राजेन्द्र अत्री, वेद प्रकाश, मोहेन्द्र, मोहसीन एवं हरेन्द्र कुमार, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ।
