एएसआई हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, हिरासत से फरार करण को लगी गोली,अमृतसर के राजासांसी में पुलिस टीम पर फायरिंग, एक पुलिसकर्मी भी घायल

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में एएसआई जसवंत सिंह हत्याकांड के आरोपी करण की शनिवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। आरोपी हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। पुलिस ने गांव कंदूवाल के नजदीक घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर की रात राजासांसी इलाके में अमृतसर पुलिस लाइन में तैनात एएसआई जसवंत सिंह पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने गोली चला दी थी। इस मामले में पुलिस ने करण को गिरफ्तार किया था। बुधवार रात पुलिस टीम उसे हथियार बरामद करने के लिए मजीठा इलाके में लेकर गई थी, जहां वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। शनिवार सुबह पुलिस को करण के ठिकाने की सूचना मिली, जिसके बाद गांव कंदूवाल के पास घेराबंदी की गई। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में करण को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग, पुलिसकर्मी के घायल होने और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
