सरधना पुलिस का शिकंजा: गैंगस्टर एक्ट में वांछित ₹25 हजार का इनामी गिरफ्तार


सरधना पुलिस का शिकंजा: गैंगस्टर एक्ट में वांछित ₹25 हजार का इनामी गिरफ्तार,लूट जैसे गंभीर अपराधों में शामिल गैंग के खिलाफ दर्ज था मुकदमा, लंबे समय से चल रही थी तलाश

मेरठ। गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त कन्हैया पुत्र सतेन्द्र को थाना सरधना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ गैंग बनाकर लूट जैसे गंभीर अपराध किए जाने के आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त 2026 को कन्हैया सहित कुल 10 अभियुक्तों के खिलाफ थाना सरूरपुर में मु0अ0सं0 210/2026, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सरधना के पर्यवेक्षण में गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 25 सितंबर 2026 को थाना सरधना पुलिस ने कन्हैया को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कन्हैया पुत्र सतेन्द्र, निवासी बहादुरपुर, थाना सरधना, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार कन्हैया के खिलाफ मेरठ जनपद के विभिन्न थानों में कुल 3 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना सरूरपुर में वर्ष 2025 का मुकदमा, थाना पल्लवपुरम में आयुध अधिनियम का मुकदमा तथा वर्ष 2026 में थाना सरूरपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा शामिल है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

थाना सरधना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक राहुल कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, कांस्टेबल नाजिम और कांस्टेबल जगमोहन की टीम ने अभियुक्त को गिरफ्तार किया।