ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 68 अलग-अलग बैंकों के कार्ड बरामद,रबूपुरा पुलिस की कार्रवाई; आरोपी के कब्जे से अवैध चाकू भी मिला, ATM में छेड़छाड़ कर कार्ड निकालने का भी तरीका अपनाता था

ग्रेटर नोएडा। थाना रबूपुरा पुलिस ने एटीएम कार्ड चोरी कर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 68 एटीएम कार्ड और एक अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपी को 27 सितंबर 2026 को रबूपुरा-मिर्जापुर रोड से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश कुमार पुत्र पंचानन्द, निवासी चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-68, छिजारसी, गौतमबुद्धनगर, मूल निवासी ग्राम ओणमा, थाना शेखोपुर सराय, जिला शेखपुरा, बिहार के रूप में हुई है।
ऐसे करता था ATM कार्ड की चोरी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एटीएम के अंदर कम जानकारी रखने वाले लोगों को निशाना बनाता था। वह व्यक्ति का पासवर्ड देख लेता था और इसके बाद अपना एटीएम कार्ड नीचे गिराकर उसे भ्रमित करता था। इसी दौरान वह संबंधित व्यक्ति का सही एटीएम कार्ड चोरी कर लेता था और देखे गए पासवर्ड की मदद से दूसरे एटीएम से रुपये निकाल लेता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एटीएम मशीन के कार्ड रीडर से भी चाकू की मदद से छेड़छाड़ करता था और एटीएम कार्ड मशीन में फंसा देता था। इसके बाद कुछ घंटे बाद वापस आकर चाकू की मदद से मशीन में छेड़छाड़ कर फंसे हुए कार्ड निकाल लेता था।
इस मामले में थाना रबूपुरा पर मु0अ0सं0 209/2026, धारा 318(4)/317(5) बीएनएस एवं 4/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बरामदगी
- 68 एटीएम कार्ड, अलग-अलग बैंकों के
- 01 अवैध चाकू
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दिल्ली और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें धोखाधड़ी, चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में दर्ज मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना शकरपुर, लक्ष्मीनगर, न्यू अशोक नगर, जगतपुरी दिल्ली और खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
