हत्या के मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार,हस्तिनापुर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किया

मेरठ। थाना हस्तिनापुर पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को शिवांश चौहान उर्फ चुन्नू पुत्र जितेन्द्र कुमार निवासी ब्रजधाम कॉलोनी, फलावदा रोड, मवाना ने अपने सह अभियुक्तों के साथ मिलकर नितिन नागर पुत्र सतीश कुमार निवासी ग्राम माखननगर, थाना बहसूमा, मेरठ की हत्या कर दी थी। घटना के संबंध में थाना हस्तिनापुर में मु0अ0सं0 209/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से शिवांश चौहान उर्फ चुन्नू फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
रजवाहा पुल के पास हुई मुठभेड़
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मवाना के पर्यवेक्षण में थाना हस्तिनापुर पुलिस ने वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया।
इसी क्रम में 25/26 सितंबर 2026 की रात पुलिस टीम ने ट्रांसलम स्कूल से आगे रजवाहा पुल के पास आरोपी को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान मुठभेड़ के बाद शिवांश चौहान उर्फ चुन्नू को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। मामले में धारा 109(1) बीएनएस एवं आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना मवाना में मु0अ0सं0 380/2025 धारा 115(2), 126(2), 351(2), 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्तमान हत्या के मामले में भी बीएनएस एवं आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
बरामदगी
- .315 बोर का 01 अवैध तमंचा
- .315 बोर का 01 खोखा कारतूस
- .315 बोर का 01 जिंदा कारतूस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस टीम
थानाध्यक्ष कमल शंकर त्रिवेदी, उपनिरीक्षक राम प्रताप राघव, उपनिरीक्षक निर्दोष कुमार, उपनिरीक्षक उमेश चौधरी एवं कांस्टेबल विशाल कुमार, थाना हस्तिनापुर, मेरठ।
