लोहियानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डकैती के मामलों में वांछित तीन आरोपी गिरफ्तार


लोहियानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डकैती के मामलों में वांछित तीन आरोपी गिरफ्तार,हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़, एक आरोपी के पैर में लगी गोली; तीन .315 बोर के तमंचे और दो खोखा कारतूस बरामद

मेरठ। थाना लोहियानगर पुलिस ने डकैती की घटनाओं के खुलासे के बाद वांछित चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से अवैध हथियारों की बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी दानिश उर्फ चाचा के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए पीएल शर्मा अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से तीन अवैध .315 बोर के तमंचे और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 4/5 सितंबर 2026 की रात ग्राम अल्लीपुर स्थित बंद पड़ी अलफईम मीट फैक्ट्री में बदमाशों ने धावा बोलकर फैक्ट्री में लगे तीन प्लेट फ्रीजरों में से दो की कुल 30 प्लेटें चोरी कर ली थीं। मामले में थाना लोहियानगर में मु0अ0सं0 598/2026 दर्ज किया गया था।

इसी तरह 15/16 अगस्त 2026 की रात तान्या फैक्ट्री में लगे दो प्लेट फ्रीजरों से 32 प्लेटें ले जाने की घटना सामने आई थी। इस मामले में भी थाना लोहियानगर में मु0अ0सं0 580/2026 दर्ज किया गया था। विवेचना और साक्ष्य संकलन के आधार पर दोनों मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में थाना लोहियानगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 सितंबर 2026 को हापुड़-मेरठ रोड पर खत्ते के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार हाजीपुर-अल्लीपुर, निर्माणाधीन लिंक रोड, काली नदी के पास निर्माणाधीन हाईवे के निकट झाड़ियों में छिपाए गए हैं। पुलिस टीम आरोपियों को हथियार बरामद करने के लिए बताए गए स्थान पर लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपियों ने छिपाए गए हथियारों से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दानिश उर्फ चाचा के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए पीएल शर्मा अस्पताल भेजा गया। वहीं उसके दो अन्य साथियों शहजाद उर्फ भूरा और रियाजुद्दीन उर्फ रियाजू को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

दानिश उर्फ चाचा पुत्र शमशाद, निवासी ग्राम नाहल, थाना मसूरी, जनपद गाजियाबाद, उम्र 26 वर्ष।

शहजाद उर्फ भूरा पुत्र कलाम, निवासी ग्राम नाहल, थाना मसूरी, जनपद गाजियाबाद, उम्र 30 वर्ष।

रियाजुद्दीन उर्फ रियाजू पुत्र चांद अली, निवासी मकान नंबर 300, अमन कॉलोनी, घंटाघर के पास, थाना कोतवाली, जनपद गाजियाबाद, उम्र 32 वर्ष।

बरामदगी

  • 03 अवैध तमंचे .315 बोर
  • 02 खोखा कारतूस

मुठभेड़ के संबंध में थाना लोहियानगर में मु0अ0सं0 668/2026, धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट/डकैती से संबंधित धाराओं, गैंगस्टर एक्ट, चोरी, विद्युत अधिनियम और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।