मोगा में महिला SHO रिश्वत लेते गिरफ्तार,50 हजार रुपये की रिश्वत लेते विजिलेंस ने रंगे हाथ पकड़ा, होमगार्ड जवान भी गिरफ्तार; केस में नामजद करने की धमकी देकर मांगी थी रकम

मोगा, पंजाब। थाना कोट ईसे खां की SHO सुनीता रानी को विजिलेंस ब्यूरो ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में थाना कोट ईसे खां में तैनात होमगार्ड जवान गुरअवतार सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई फिरोजपुर विजिलेंस रेंज की टीम ने शिकायत के आधार पर की।
केस में नामजद करने का डर दिखाकर मांगे थे एक लाख रुपये
विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार, नूरपुर हकीमा निवासी राजविंदर सिंह ने शिकायत दी थी कि थाना कोट ईसे खां में दर्ज एक मामले में नामजद करने का डर दिखाकर होमगार्ड गुरअवतार सिंह उससे रिश्वत की मांग कर रहा है। आरोप है कि शुरुआत में एक लाख रुपये मांगे गए। बाद में 80 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी पहले ही अलग-अलग तारीखों पर उससे 20 हजार रुपये ले चुका था। इसके बाद बकाया 60 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
मोबाइल में रिकॉर्ड की रिश्वत की बातचीत
शिकायतकर्ता ने रिश्वत की मांग को लेकर आरोपी के साथ हुई बातचीत को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह रिकॉर्डिंग विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों को सौंप दी गई। शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस ने कार्रवाई की तैयारी की।
पहले होमगार्ड को दबोचा, फिर SHO तक पहुंची टीम
विजिलेंस टीम ने सरकारी गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए गुरअवतार सिंह को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसके द्वारा कथित तौर पर बताया गया कि रिश्वत की रकम में से 50 हजार रुपये SHO सुनीता रानी को दिए जाने थे।
इसके बाद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई आगे बढ़ाई और SHO सुनीता रानी को भी रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस ने दर्ज किया मामला
विजिलेंस ब्यूरो के मुताबिक, शिकायत की जांच और आवश्यक कार्रवाई के बाद भ्रष्टाचार से संबंधित मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
मामले की जांच जारी है। विजिलेंस टीम रिश्वत की मांग से लेकर रकम के लेन-देन तक जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
