गौतमबुद्ध नगर में आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान, शराब दुकानों पर छापेमारी-जैसी जांच; ओवररेटिंग रोकने के निर्देश


गौतमबुद्ध नगर में आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान, शराब दुकानों पर छापेमारी-जैसी जांच; ओवररेटिंग रोकने के निर्देश

ग्रेटर नोएडा, गौतमबुद्धनगर। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार जिलाधिकारी एवं पुलिस आयुक्त गौतमबुद्ध नगर के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी के पर्यवेक्षण में जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 11 सितंबर 2026 को जनपदीय आबकारी टीमों ने देशी शराब, कम्पोजिट शॉप, मॉडल शॉप, प्रीमियम रिटेल शॉप एवं बार अनुज्ञापनों का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को मदिरा के विभिन्न ब्रांडों को प्रदर्शित करने तथा POS मशीन से स्कैन कर निर्धारित मूल्य पर ही शराब की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कैंटीनों की गहनता से चेकिंग की गई।

आबकारी टीमों द्वारा दुकानों पर गोपनीय टेस्ट परचेज भी करवाया गया, जिससे बिक्री व्यवस्था एवं निर्धारित मूल्य के अनुपालन की जांच की जा सके। वहीं सभी मदिरा दुकानों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग रियल टाइम में संचालित रखने के निर्देश दिए गए।

आबकारी विभाग ने अनुज्ञापियों एवं विक्रेताओं को निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए निर्देशित किया। विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान जनपद में अवैध शराब की बिक्री, तस्करी एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जारी है